
एक वोट से हार के बाद हंगामा, रिकाउंटिंग में बराबर हो गए वोट , फिर लॉटरी से तय हुआ उपाध्यक्ष।
अल्मोड़ा, संवाददाता। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान उपाध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। महज एक वोट के अंतर से चुनाव हारने वाले प्रत्याशी ने नतीजे पर आपत्ति जताते हुए दोबारा मतगणना की मांग की। प्रत्याशी और समर्थकों के विरोध के बाद चुनाव अधिकारियों ने उपाध्यक्ष पद के मतों की रिकाउंटिंग कराने का निर्णय लिया।

प्रारंभिक मतगणना में यलो आर्मी के प्रत्याशी भाष्कर जोशी को 959 वोट मिले थे और उन्होंने एक वोट से जीत दर्ज की थी। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी को 958 वोट मिले, जबकि सुमित जोशी पुत्र चंद्रशेखर जोशी को 51 वोट प्राप्त हुए।
एक वोट के अंतर को लेकर सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए प्रत्येक बैलेट पेपर की दोबारा जांच की मांग की। उनका कहना था कि इतने कम अंतर के कारण निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए रिकाउंटिंग जरूरी है। विरोध बढ़ने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दोबारा मतगणना कराई।
रिकाउंटिंग में दोनों प्रमुख प्रत्याशी बराबरी पर पहुंच गए। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने नियमानुसार पर्ची सिस्टम (ड्रा ऑफ लॉट्स) से परिणाम तय किया। इसमें सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी के पक्ष में पर्ची निकलने पर उन्हें उपाध्यक्ष पद का विजेता घोषित कर दिया गया। इस तरह एक वोट से शुरू हुआ मुकाबला रिकाउंटिंग के बाद बराबरी पर पहुंचा और अंत में लॉटरी से उपाध्यक्ष पद का फैसला हुआ।

