
जीत के अगले ही दिन नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीत और उपाध्यक्ष कार्तिकेय ने थामा NSUI का दामन
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत के छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज करने के अगले ही दिन नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीत सिंह कुवार्बी और छात्र उपाध्यक्ष कार्तिकेय सती ने कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI की सदस्यता ग्रहण की। महाविद्यालय में 29 सितंबर को हुए चुनाव में विनीत सिंह कुवार्बी अध्यक्ष पद पर 527 मत हासिल कर विजयी हुए थे, जबकि कार्तिकेय सती छात्र उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

बुधवार को दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने CWC सदस्य एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के विचारों और छात्रहित की सोच से प्रेरित होकर NSUI में शामिल होने की घोषणा की। इस मौके पर कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने दोनों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महाविद्यालय छात्रसंघ में निर्वाचित नेतृत्व के NSUI से जुड़ने से संगठन को छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए नई ऊर्जा मिलेगी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीत सिंह कुवार्बी और उपाध्यक्ष कार्तिकेय सती ने छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा महाविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाने की बात कही। चुनाव परिणाम के बाद दोनों के NSUI से जुड़ने को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पान सिंह कुवार्बी, रुद्र प्रताप माहरा, जीतन जयाल, सूरज कुवार्बी समेत अनेक कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।


