
पैक्स सचिव-कर्मचारी एक अक्तूबर से करेंगे कलमबंद हड़ताल, पांच अक्तूबर को देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन।
अल्मोड़ा। पैक्स सचिव एवं कर्मचारी संयुक्त संगठन उत्तराखंड ने विभिन्न मांगों के निस्तारण को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेशभर के पैक्स सचिव और कर्मचारी एक अक्तूबर से कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। इससे पहले 18 सितंबर से सभी सूचनाओं, बैठकों, मेलों और कैंपों का पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।
संगठन के मुताबिक एक अक्तूबर से प्रदेशभर में कलमबंद हड़ताल के साथ समिति कार्यालयों में तालाबंदी कर धरना दिया जाएगा। इसके बाद पांच अक्तूबर को देहरादून स्थित निबंधक कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। संगठन ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
संगठन की प्रमुख मांगों में नवनिर्मित एम-पैक्स का पंजीकरण निरस्त कर क्षेत्रीय भौगोलिक स्थिति और वर्तमान व्यवसाय के आधार पर नए पैक्स का गठन, मिनी बैंक एवं ऋण व्यवस्था के लिए ठोस नीति बनाने, पैक्स सचिव एवं कर्मचारियों को सहकारिता ढांचे में शामिल करने तथा उन्हें स्वास्थ्य योजना/गोल्डन कार्ड से जोड़ने की मांग शामिल है।
इसके अलावा पैक्स सचिव एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों, जिनमें कैडर फंड, ग्रेड वेतन, नियोजित अंशदान, वेतन विसंगति समेत सी-153 और सी-57 से संबंधित मामलों पर आवश्यक शासनादेश जारी करने की मांग की गई है। संगठन ने समिति कर्मचारियों की शासकीय परिवहन पदों पर पदोन्नति, वेतनमान एवं भविष्य निधि संबंधी व्यवस्था करने की मांग भी उठाई है। साथ ही पैक्स कैडर सचिवों को वरिष्ठ शाखा प्रबंधक एवं सहायक विकास अधिकारी के पदों तक पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

