
रानीखेत महाविद्यालय के रोजगार मेले में 112 युवाओं ने दिए साक्षात्कार, पांच बैंकों के अधिकारियों ने लिया इंटरव्यू
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में मंगलवार को आयोजित रोजगार मेले में 112 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। मेले में पांच प्रमुख बैंकिंग संस्थानों के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के साक्षात्कार लेकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की। कई अभ्यर्थियों ने दो से तीन बैंकों में भी साक्षात्कार दिया।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कोटक महिंद्रा बैंक से गंगा, भारतीय स्टेट बैंक से कमलेश कुमार जोशी, आईडीएफसी बैंक से रजनीश कुमार आर्य, आरबीएल बैंक से चेतन गढ़िया तथा एक्सिस बैंक से वंदना रावत और चेतन बोरा ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। बैंक अधिकारियों ने युवाओं को चयन प्रक्रिया और आगे की कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी दी।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार विभिन्न बैंकों की ओर से चयनित और शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की सूची एक सप्ताह के भीतर मिलने की संभावना है। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का संचालन कैरियर एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. पीएन तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में करियर के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें रोजगार से जोड़ना है।

प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के व्यावसायिक और कौशल विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। भविष्य में भी छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में रोजगार कार्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार और कनिष्ठ सहायक अर्जुन कुमार का विशेष सहयोग रहा। प्लेसमेंट सेल के सदस्यों डॉ. नीरज तिवारी, डॉ. संतोष, डॉ. आस्था अधिकारी, डॉ. निष्ठा शर्मा, डॉ. पारुल भारद्वाज, डॉ. निधि पांडे, डॉ. भरत पांडे, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. लोतिका अमित, डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. संगीता पाल, डॉ. अर्चना जोशी और डॉ. प्राची जोशी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया।

