
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मनाया अशोक हॉल स्कूल का वार्षिकोत्सव, विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, गीत और रामलीला से बांधा समां .
रानीखेत। मजखाली स्थित अशोक हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल का वार्षिकोत्सव मंगलवार को विद्यालय परिसर में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण बटालियन के कमांडर कर्नल सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। विद्यालय की उपप्रधानाचार्य कैप्टन डी. उमा मनिवन्नन ने वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में छात्राओं की उपलब्धियों की जानकारी दी।

इस दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। नृत्य, नाटक और गीतों के साथ रामलीला की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।


