
खनन पट्टाधारक ने ग्रामीणों की अनुमंती बिना रातोंरात खोद दी सड़क, गुस्साए ग्रामीण फ़रियाद लेकर पहुंचे संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत के पास ।
रानीखेत तहसील के क्षेत्र अंतर्गत नैनीताल और अल्मोड़ा जिले की सीमा पर खनन पट्टाधारक द्वारा बिना अनुमति अवैध तरीके से जेसीबी मशीन के द्वारा रात को मुख्य मार्ग से नदी तक का रास्ता बनाये जाने पर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया है और संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत को इस सम्बन्ध में ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि ग्राम पंचायत चापड़ की भूमि से खनन पट्टाधारक द्वारा भुजान के पास बिना ग्रामीणों की अनुमति के उनकी भूमि पर अवैध तरीके से जेसीबी मशीन के द्वारा रात को मुख्य मार्ग से नदी तक का रास्ता बनाया गया है और दिनांक 30-01-2026 से आरबीम से भरे हुए ट्रकों को ले जाया जा रहा है, ग्रामीणों एवं किसानों के विरोध एवं असहमति के बाद भी खनन पट्टा धारक के द्वारा कार्य को नहीं रोका जा रहा है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि उपरोक्त खनन पट्टाधारक के मनमाने तरीके से आरबीम से भरे हुए ट्रकों को लाया ले जाया जा रहा है जिसके कारण ग्रामवासियों में बहुत रोष और गुस्सा ब्याप्त है और भविष्य में दोनों पक्षों के बीच लड़ाई झगड़ा और मारपीट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है, और अगर उपरोक्त अवैध रस्ते को तुरंत प्रभाव से नहीं रोका गया तो किसी भी प्रकार की अनहोनी की सारी जिम्मेदारी शासन-प्रसाशन की रहेगी ।
ग्रामीणों का कहना है कि 30 जनवरी की इस घटना की जानकारी उनके द्वारा 2 फरवरी को संयुक्त मजिस्ट्रेट को दी गयी थी लेकिन आज 4 दिन गुजर जाने पर भी इस मामले पर कोई कार्यवाई नहीं हुयी है। ग्रामीणों द्वारा संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से इस मामले में आवश्यक कार्यवाई कर ट्रको की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की गई है।

