
पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी का पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचा, कल होगा अंतिम संस्कार।
पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (अव.) भुवन चन्द्र (बी.सी.) खंडूरी का पार्थिव शरीर वसंत विहार स्थित आवास पर पहुंचा है। अंतिम दर्शन के लिए रिहायशी परिसर में भारी संख्या में लोग एकत्रित हैं। केंद्रीय एवं राज्य स्तर के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व सैनिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हुए हैं।

खंडूरी का अंतिम संस्कार 20 मई को होगा। परिवार और सूत्रों के मुताबिक उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कल निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, मंत्री गणेश जोशी, भाजपा विधायक सविता कपूर, नगर निगम मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई दिग्गज नेता उपस्थित हैं।
भुवन चन्द्र खंडूरी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उन्होंने सुबह 11:10 बजे अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले उन्हें वेंटिलेटर से हटाकर आईसीयू ऑब्जरवेशन वार्ड में स्थानांतरित किया गया था।

बेटी ऋतू खंडूरी ने पिता के निधन पर भावुक संदेश
बेटी ऋतू खंडूरी ने पिता के निधन पर भावुक संदेश जारी किया है। उन्होंने लिखा है कि आज शब्द साथ नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिता केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण की एक जीवंत गाथा थे। ऋतू ने अपने संदेश में कहा कि 1 अक्टूबर 1934 को जन्मे पिता की जीवन यात्रा भारतीय सेना के रणभूमि से लेकर लोकतंत्र और उत्तराखंड की जनसेवा तक फैली रही और हर भूमिका में उनका मूल सिद्धांत “राष्ट्र प्रथम” रहा।
ऋतू ने आगे लिखा कि उनके पिता का मूल्य किसी पद या सम्मान से नहीं बल्कि उनके आचरण और सिद्धांतों से परिभाषित होता था। उन्होंने बताया कि पिता ने उन्हें ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। ऋतू ने कहा कि उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, फिर भी संतोष है कि उन्होंने अपना जीवन देश और समाज के प्रति ईमानदारी से निभाया। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
