
चौखुटिया में खाई में गिरी शिक्षकों की कार, चार शिक्षक घायल।
चौखुटिया। अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया क्षेत्र में उड़लीखान के पास बृहस्पतिवार को शिक्षकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में राजकीय इंटर कॉलेज धामदेवल के 04 शिक्षक घायल हो गए, जबकि कार चालक सुरक्षित बच गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताया है।
जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज धामदेवल में छुट्टी होने के बाद शिक्षक प्रतिदिन की तरह कार (यूके-07 एफएच-1287) से चौखुटिया लौट रहे थे। उड़लीखान के समीप अचानक कार चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। कार दो बार पलटते हुए खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार शिक्षक घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौखुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौखुटिया पहुंचाया।
घायलों में नवल किशोर निवासी गनाई, मोनिका निवासी पुरानी कैंटीन क्षेत्र, दीप जोशी निवासी रावत गैराज के पास तथा हेमलता नेगी निवासी उड़लीखान शामिल हैं। कार चालक बृजेश सिंह निवासी चौखुटिया को दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमजद खान ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। वहीं, क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
