
आर्मी पब्लिक स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि स्टेशन कमांडर एवं विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विजयंत महादिक, स्टेशन की प्रथम महिला श्रीमती मनीषा महादिक, डिप्टी कमांडेंट कर्नल मोहित वर्मा और लेफ्टिनेंट कर्नल गुरप्रीत सिंह समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति, एकता, विविधता और राष्ट्रप्रेम की झलक दिखाई। प्राथमिक वर्ग के नन्हे विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

79 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, नैनीताल के निर्देशन में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने भी ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ गायन समेत विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों में भाग लिया। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट देव सिंह बिष्ट और सेकेंड ऑफिसर भूपेंद्र सिंह परिहार ने कैडेट्स का मार्गदर्शन किया।

मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी का महत्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, समर्पण और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। श्रीमती मनीषा महादिक ने पुरस्कार वितरित कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों धीर सिंह बिष्ट और मालविका मेहरा ने किया। प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने अतिथियों और विद्यालय परिवार का आभार जताया। शिक्षिका ऐन मैरी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

