
स्वतंत्रता दिवस पर अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में शान से फहरा तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्मिकों का सम्मान
अल्मोड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट प्रांगण में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में देवदार के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, उपजिलाधिकारियों और राज्य आंदोलनकारियों को जिलाधिकारी अंशुल सिंह, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और गोविंद पिल्खवाल ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता जताई गई।

इसके बाद मल्ला महल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। कलाकारों और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया। दर्शकों ने प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

मल्ला महल में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों से भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
