
भतरोंजखान महाविद्यालय में निकाली गई तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारे लगाए, राष्ट्र ध्वज के सामान की बात कही।
भतरोंजखान। राजकीय महाविद्यालय भतरोंजखान में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। प्रभारी प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को बढ़ावा देने के लिए झंडा गीत के सामूहिक गायन से हुई।

इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अलका कोली ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

प्रभारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, देश की एकता और अखंडता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति की भावना को दैनिक जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि भीम सिंह अधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर जीवन में अच्छी आदतों को अपनाने के महत्व पर चर्चा की। हरीश बिष्ट और एनडी महारा ने अनुशासन, सकारात्मक सोच, सदाचार, समय के सदुपयोग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छी आदतें व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस मौके पर डॉ. रूपा यादव, डॉ. रविंद्र कुमार, सुनीता भट्ट, प्रीति जोशी, ललित मोहन, रोहित कुमार, गिरीश चंद्र, जगदीश और अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।

