
4 दिन से लापता भतरौजखान थाने के आरक्षी का शव गहरी खाई में मिला, कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से मौत
अल्मोड़ा, 4 मई 2026: भतरौजखान थाने में तैनात आरक्षी संजीव चौधरी की मछोड़ के पास गहरी खाई में कार गिरने से मौत हो गई। वे पिछले चार दिनों से लापता थे। भिकियासैंण थाने से एसडीआरएफ टीम को आज सुबह करीब 11:28 बजे सूचना मिली कि मृतक की हुंडई क्रेटा (नंबर UK18Q-2132) मुख्य मार्ग से 300 मीटर नीचे खाई में पड़ी है।

अपर उपनिरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने दुर्गम इलाके में उतरकर तलाशी की और संजीव चौधरी का शव बरामद किया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार पुलिसकर्मी का शव किसी जानवर द्वारा खाए जाने की बात भी कही जा रही है। मूल रूप से हरिद्वार के शेरपुर निवासी संजीव भतरौजखान थाने में पदस्थापित थे। टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस को सौंप दिया। पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

