
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में दीप पांडे को मिली जगह, चुनाव से पहले संगठन में बढ़ी सक्रियता।
रानीखेत। भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति का विस्तार करते हुए वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ता दीप पांडेय को कार्यसमिति सदस्य बनाया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय दीप पांडे की बूथ और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ मानी जाती है। चुनाव से पहले उन्हें प्रदेश कार्यसमिति में जिम्मेदारी दिए जाने को पार्टी की सांगठनिक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

पूर्व एसएसबी सहायक सेनानायक दीप पांडे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े रहे हैं और लंबे समय से संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और भ्रमण के चलते उन्हें रानीखेत विधानसभा से भाजपा टिकट के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं, उनकी नई जिम्मेदारी के बाद रानीखेत विधानसभा में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सियासी समीकरण भी आने वाले दिनों में और दिलचस्प होने की संभावना है।
