
पहली बार पानी भरने पर ही जगह जगह लीक हो गया ढाई लाख लीटर का पेयजल टैंक, पेयजल निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, ग्रामीणों में आक्रोश।
अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया में नवनिर्मित असुरगढ़ी पेयजल योजना पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। योजना के तहत पेयजल निगम रानीखेत द्वारा असुरगढ़ी में बनाए जा रहे मुख्य पानी के टैंक का हाल ही में परीक्षण किया गया, जिसमें यह टैंक पहले ही टेस्ट में फेल हो गया। परीक्षण के दौरान टैंक से अत्यधिक मात्रा में पानी रिसता पाया गया।

यह स्थिति योजना की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर गम्भीर प्रश्नचिह्न लगाती है। लाखो रूपये की लागत से ढाई लाख लीटर क्षमता वाले इस पेयजल टैंक से चौखुटिया एवं स्याल्दे ब्लॉक के 100 गाँवों को पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था। इस पेयजल योजना का बजट लगभग 15 करोड़ रूपये बताया जा रहा है। लेकिन टैंक के प्रारम्भिक परीक्षण में ही तकनीकी खामियाँ सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों और गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद शुरुआती स्तर पर ही खामियाँ उजागर होना घोर लापरवाही है। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो यह योजना भी अधूरी रह जाएगी और वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे लोगों की उम्मीदें टूट जाएँगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने और सभी कार्यों को पारदर्शी ढंग से कराने की मांग उठाई है।
देखिये वीडियो :
