
चौखुटिया की जनता के आगे झुकी सरकार, 50 शैय्यायुक्त उप ज़िला अस्पताल में उच्चीकृत करने की प्रशासकीय स्वीकृति दी। 2 डॉक्टर नियुक्त करने के भी आदेश।
उत्तराखंड सरकार ने अल्मोड़ा ज़िले के चौखुटिया में चल रहे जनआंदोलन और “स्वस्थ ऑपरेशन” अभियान के परिणामस्वरूप चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को उप ज़िला चिकित्सालय (एसडीएच) का दर्जा दे दिया है। इस निर्णय से स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद की जा रही है।

आंदोलन और जनदबाव का परिणाम :-
पिछले कई सप्ताहों से चौखुटिया में “स्वस्थ ऑपरेशन आंदोलन” चल रहा था जिसमें महिलाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। आंदोलनकारियों ने क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, उपकरणों के अभाव और चिकित्सा स्टाफ की तैनाती में लापरवाही को लेकर लगातार प्रदर्शन किया। इस आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वास्थ्य सचिव को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सरकार का निर्णय और शासनादेश :-
15 अक्टूबर 2025 को राज्य सरकार ने आदेश जारी कर चौखुटिया सीएचसी को 30 से बढ़ाकर 50 शैय्यायुक्त उप ज़िला अस्पताल में उच्चीकृत करने की प्रशासकीय स्वीकृति दी। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि डिजिटल एक्स-रे मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और आईपीएचएस मानकों के अनुरूप चिकित्सकों एवं आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही 2 डॉक्टर्स नियुक्त करने का आदेश भी दे दिए गए हैं।

अस्पताल की वर्तमान स्थिति :-
अब तक चौखुटिया अस्पताल में 30 बेड की सुविधा थी, जहाँ प्रतिदिन लगभग 150 से 200 मरीजों की ओपीडी होती थी और सात डॉक्टर कार्यरत थे। अब उच्चीकरण के बाद अस्पताल में 50 बेड, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, और अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। इस निर्णय से चौखुटिया के साथ-साथ द्वाराहाट, भिकियासैंण और ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। इससे लोगों को उपचार के लिए लंबे सफ़र तय कर रानीखेत या अल्मोड़ा नहीं जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार, यह कदम राज्य में मेडिकल सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा सुधार है ।
