
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची उत्तराखंड, पतंजलि विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में डिग्रियां प्रदान कीं, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उनके आगमन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।

पतंजलि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोहराष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान कीं और 54 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। इस समारोह में 744 स्नातक, 615 परास्नातक, 62 शोधार्थी और तीन डी.लिट. उपाधि प्राप्त विद्वानों समेत कुल 1424 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने राष्ट्रपति को राष्ट्रपति भवन की विविध वनस्पतियों पर आधारित दो पुस्तकें ‘फ्लोरा ऑफ राष्ट्रपति भवन’ एवं ‘मेडिसिनल प्लांट्स ऑफ राष्ट्रपति भवन’ की प्रतिलिपियां भी भेंट कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सभी उत्तराखण्डवासियों का सौभाग्य है कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर हमें राष्ट्रपति का सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। राष्ट्रपति के आगमन पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पटंजलि विश्वविद्यालय में उनका औपचारिक स्वागत किया। उनकी यात्रा को लेकर वीवीआईपी सतर्कता के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल एवं आसपास की यातायात व्यवस्था को विशेष योजनाबद्ध तरीके से प्रबंधित किया गया था।

राष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरायह दौरा 2 से 4 नवंबर तक है, जिसमें राष्ट्रपति विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी; जैसे देहरादून में राज्य स्थापना की रजत जयंती पर विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करना, नैनीताल राजभवन के स्थापना दिवस समारोह, कैंची धाम के दर्शन तथा कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होना। कार्यक्रम में पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के कुलाधिपति स्वामी रामदेव, कुलपति आचार्य बालकृष्ण, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. कल्पना सैनी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

