
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के कारण कैंची धाम में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे, मंदिर समिति ने की अपील की।
4 नवंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कैंची धाम दौरा है। इस दिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक सुरक्षा कारणों से कैंची धाम में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे। मंदिर परिसर में भारी तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी ताकि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसे देखते हुए भक्तों से अनुरोध किया गया है कि वे दर्शन के लिए दोपहर 12 बजे के बाद ही आएं।

इस दौरान किसी को मंदिर परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन एवं पूजा पाठ करेंगी, जो इस मंदिर का एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक कार्यक्रम माना जाता है। प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए हैं और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की गई है। इस ऐतिहासिक अवसर के कारण मंदिर और आस-पास के क्षेत्र में सफाई और सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है।
ट्रैफिक भी रहेगा बाधित :
04.11.2025 को वीवीआईपी भ्रमण के दौरान समय प्रातः 08:00 बजे से सायं 8:00 बजे तक हल्द्वानी से नैनीताल, नैनीताल से भवाली तथा हल्द्वानी से भीमताल / भवाली मार्ग पर समस्त प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं पर्वतीय क्षेत्र की ओर से भवाली / कैंचीधाम की ओर आने वाले समस्त वाहनों को वाया क्वारब पुल से डायवर्जन कर रामगढ़–खुटानी बैण्ड–भीमताल डायवर्ट रहेगा।
रानीखेत की ओर से आने वाले समस्त वाहनों को खैरना पुल से डायवर्ट कर क्वारब–रामगढ़–खुटानी बैण्ड–भीमताल की ओर भेजा जायेगा। पिथौरागढ़ / चम्पावत की ओर से हल्द्वानी/भवाली आने वाले वाहनों को वाया धारी–खुटानी–भीमताल की ओर भेजा जायेगा।
