
*
रानीखेत के दो बेटों ने आदि कैलाश में हुई मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर रानीखेत का नाम रोशन किया है। 2 नवंबर को उत्तराखण्ड के पौराणिक और आध्यात्मिक धरोहर स्थल आदि कैलाश की पवित्र छाया में राज्य की पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन का आयोजन किया गया था। जिसमें देश के 22 राज्यों के 700 से अधिक धावकों ने भाग लिया। ऊँचाई, कठोर मौसम और चुनौतीपूर्ण हिमालयी ट्रैक के बीच प्रतिभागियों ने अदम्य साहस, धैर्य और फिटनेस का अद्भुत प्रदर्शन किया।
इसी प्रतियोगिता में रानीखेत के माल रोड निवासी नरेश डोबरियाल ने 21 किलोमीटर मैराथन ने 50 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी फिटनेस का परिचय दिया । नरेश डोबरियाल अपने युवा काल से ही विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओ में प्रतिभाग करते आ रहे हैं और अनेकों प्रतियोगिताओ में पदक जीत चुके हैं। साथ ही उन्हें योग में भी महारत हासिल है, वर्तमान में छावनी परिषद् में योग प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत है।

वही रानीखेत के पिलखोली निवासी जितेंद्र फर्त्याल ने भी आदि कैलाश में आयोजित राज्य की पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन में 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पिलखोली निवासी मोहन सिंह और गीता देवी के पुत्र जितेंद्र वर्तमान में सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, आईटीबीपी अधिकारी, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिला और हजारों लोगों ने धावकों का उत्साहवर्धन किया।
