
रामनगर मांस प्रकरण में बजरंग दल जिलाध्यक्ष पंकज धस्माना समेत दो गिरफ्तार, एसएसपी को हाई कोर्ट में पेश होने के निर्देश।
पिछले दिनों दिनों रामनगर में एक वाहन में भैंस का मांस ले जा रहे वाहन चालक के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष पंकज धस्माना सहित दो आरोपियों को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गुलरघट्टी निवासी नूरजहां, पत्नी नासिर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति बड़ा मीट वाहन चलाने का कार्य करते हैं। 23 अक्तूबर को वह बरेली से बड़ा मीट लेकर रामनगर आ रहे थे। रास्ते में छोई के पास कुछ लोगों ने वाहन रोककर, मीट को गोमांस बताते हुए उनके पति की जान से मारने की नीयत से पिटाई कर दी थी।

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद और 30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बसई निवासी पंकज धस्माना को कोटद्वार से और छोई निवासी सागर उर्फ गौरव मनराल को थाने के गेट से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की पहचान कर कार्रवाई जारी है। रामनगर गौ मांस प्रकरण में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने के मामले में हाईकोर्ट ने एसएसपी नैनीताल को सोमवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए हैं.
