
चौखुटिया में 25 नवंबर तक मांगे नहीं माने जाने पर प्राण त्यागने की चेतावनी देने वाले रिटायर्ड फौजी भुवन कठायत दो दिन से हुए लापता। पिता ने पुलिस में दर्ज करवाई गुमशुदगी।
अल्मोड़ा जिले का चौखुटिया में चल रहे ऑपरेशन स्वास्थ्य लीड करने वाले रिटायर्ड फौजी भुवन कठायत बीते रोज 24 नवम्बर से लापता हैं। जिस कारण आंदोलनकारियों सहित चौखुटिया की जनता एवं प्रशासन के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।

हम आपको बता दें कि भुवन कठायत ने कुछ दिन पहले सरकार को 25 नवम्बर तक की समय सीमा दी थी। उन्होंने कहा था की 25 नवंबर तक अगर स्वयं मुख्यमंत्री या स्वास्थ्य मंत्री धरना स्थल पर आकर उनकी मांगे नहीं मानेगे तो वह अपने प्राण त्याग देंगे। इसके बाद लोगों ने उन्हें इस बारे में पुनर्विचार के लिए कहा था। लेकिन आज 25 नवंबर को प्रशासन या आम जनता उनकी सुरक्षा के लिए कोई कदम उठाते इससे पहले ही वह 24 नवंबर को ही गायब हो गए। काफी प्रयासों के बाद भी स्थानीय लोग या पुलिस प्रशासन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाया है।
वही इस मामले में आज भुवन कठायत के पिता भूपाल सिंह कठायत ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करवा दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने कहा है कि उनका बेटा भुवन कठायत 24 नवंबर को अमस्यारी स्थित घर से सुबह 9 से साढ़े नौ बजे के बीच निकला था तब से उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है और मोबाइल स्विच भी बंद है l
