
रानीखेत के सोमनाथ ग्राउंड में हुआ कसम परेड का आयोजन, 603 अग्निवीर सैनिक बने देश के भारतीय सेना का हिस्सा। समारोह में शामिल परिजनों का सीना गर्व से चौड़ा हुआ।
आज मंगलवार को कुमाऊँ रेजिमेंट सेंटर के ऐतिहासिक सोमनाथ ग्राउंड में 603 अग्निवीर सैनिको की कसम परेड का आयोजन किया गया। कुमाऊं एवं नागा रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) मुख्यालय में इन युवाओं ने 31 सप्ताह की कठिन अग्निपरीक्षा पार कर धर्मगुरुओं के समक्ष देश की सेवा करने की शपथ ली। बहादुरगढ़ के द्वार से कदमताल करते हुए सोमनाथ ग्राउंड में केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने कसम परेड की सलामी ली, जिसके बाद 603 अग्निवीर भारतीय सेना का अभिन्न अंग बन गए।

मंगलवाल की सुबह हुए कार्यक्रम में अग्निवीर सैनिकों के माता पिता व अन्य स्वजन को भी परंपरा के अनुसार आमंत्रित किया गया था। प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट इन ड्रिल, रिटन, फायरिंग, टीएसओइटी, बेस्ट इन ओवरआल नवसैनिकों को पदक लगा सम्मानित किया गया। साथ ही अग्निवीरों के स्वजन को सैन्य अधिकारी गौरव पदक प्रदान किया गया।

नवंबर 2024 में चौथे बैच के 508 अग्निवीरों ने धर्मगुरुओं के मार्गदर्शन में शपथ ली, जिसमें कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया। मई 2025 में 713 अग्निवीरों ने इसी मैदान पर शपथ ग्रहण की। इन समारोहों में धर्मग्रंथों को साक्षी मानकर राष्ट्र ध्वज के सामने शपथ दिलाई जाती है, और अधिकारी रेजीमेंट की गौरवशाली परंपराओं को निभाने का आह्वान करते हैं।

