
भाजपा द्वारा कांग्रेस का पुतला फूंकने पर कोंग्रेस ने किया पलटवार, भाजपा अनुसूचित मोर्चे की मंशा पर उठाये सवाल।
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी द्वारा भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम अंकिता भंडारी केस में लिए जाने के बाद ये मामला पूरे उत्तराखंड में लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। बीते दिन रानीखेत में भाजपा अनुसूचित मोर्चा द्वारा कांग्रेस पार्टी और उनके प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन किया गया था। अब इस पर रानीखेत कांग्रेस द्वारा पलटवार किया गया है।

कोंग्रेस के कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि रानीखेत भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष द्वारा रानीखेत कांग्रेस पर अनुसूचित समाज को बदनाम करने जैसे निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। यह बयान भाजपा रानीखेत की ओछी और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को उजागर करता है। कांग्रेस ने कभी भी किसी समाज को बदनाम नहीं किया है। भाजपा के ही नेताओं द्वारा सामने लाए गए नाम को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि दुष्यंत गौतम का नाम अनुसूचित समाज से जोड़कर स्वयं भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी समाज को बदनाम करने का प्रयास क्यों कर रहे हैं? कांग्रेस किसी भी समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय और अपराध के खिलाफ है।
कहा कि हरिद्वार के सेंट टेरेसा में भाजपा के ओ०बी०सी० सेल के पदाधिकारी द्वारा 14 साल की अनुसूचित जाति की नाबालिग बच्ची का रेप कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहा है जिसकी गिरफ्तारी आज तक नहीं हुई है। उस समय अनुसूचित मोर्चे को अनुसूचित समाज की बेटी का दर्द महसूस क्यों नहीं हुआ?
