
अब स्कूलों में छुट्टियां घटने की तैयारी में शिक्षा विभाग, गर्मी हो या सर्दी मिलेगी केवल 16-16 दिन की छुट्टी मिलेगी।
देहरादून। राज्य के सरकारी स्कूलों में अब गर्मियों और सर्दियों की छुट्टियां एकसमान होंगी। पहले ये छुट्टियां भौगोलिक स्थिति के आधार पर अलग-अलग होती थीं, लेकिन अब सभी स्कूलों में गर्मी व सर्दी में 16-16 दिन की छुट्टी मिलेगी।
वर्तमान व्यवस्था में 5000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के स्कूलों को सर्दियों में 37 दिन और गर्मियों में 11 दिन की छुट्टी मिलती है। वहीं निचले इलाकों में गर्मी में 35 दिन और सर्दी में 13 दिन की छुट्टी रहती है। नई व्यवस्था के तहत सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी 15 जून से 30 जून तक और सर्दी की छुट्टी 1 जनवरी से 16 जनवरी तक होगी। इससे पहले 48 दिनों का लंबा अवकाश अब घटकर 32 दिन रह जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के नए वार्षिक टाइम टेबल में कुल 251 कार्यदिवस निर्धारित हैं। इसमें परीक्षा-मूल्यांकन के 30 दिन, बस्ता रहित 10 दिन और आपदा, कांवड़ मेला आदि के लिए 11 आरक्षित दिनों को घटाने पर पढ़ाई के लिए 200 दिन बचते हैं। शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप नए टाइम टेबल से स्कूलों में वर्षभर 200 दिन पढ़ाई सुनिश्चित होगी। वर्तमान में यह संख्या 184 दिन ही है। जिलों से सुझाव मांगे गए हैं, उसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
