
हल्द्वानी से पहाड़ जा रही बस भवाली रोड पर पलटी, एक की मौत, सात घायल
नैनीताल, 27 मार्च 2026: नैनीताल के भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में आज सुबह यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है की हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही केमू बस यूके 04 पीए 1112 आज सुबह खूपी के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस ने भवाली को जा रहे टैक्सी वाहन को ओवरटेक (पास) करने की कोशिश की, तभी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल को सुबह 07:27 बजे हादसे की सूचना मिली। तत्काल एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। चालक के अनुसार बस में 15-16 यात्री सवार थे।
एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत कर बस में फंसे सात घायलों को बाहर निकाला और घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार देकर उन्हें नजदीकी अस्पताल भेज दिया। टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन भी चलाया ताकि कोई अन्य यात्री मलबे या झाड़ियों में न फंसा हो। अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू अभियान कुशलतापूर्वक पूरा किया गया।
