
रानीखेत में मेडिकल स्टोर्स पर छापा: दो के लाइसेंस निलंबन की सिफारिश, तीन को नोटिस।
रानीखेत, 28 मार्च 2026: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा ने “सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत रानीखेत के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। जिला न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय के मार्गदर्शन में शची शर्मा (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) व पूजा जोशी (ड्रग इंस्पेक्टर) ने निरीक्षण टीम का नेतृत्व किया।

निरीक्षण में एक्सपायर्ड दवाओं की जाँच के साथ मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस भी परखे गए। कई अनियमितताएँ सामने आईं, जिनमें एक्सपायरी बॉक्स का अभाव, एक्सपायर्ड दवाओं का स्टॉक, कैश मेमो न रखना, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग न दिखाना, नार्कोटिक्स रजिस्टर का अनियमित रखरखाव, फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति और दवाओं का असंगठित भंडारण शामिल हैं।

अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए तीन मेडिकल स्टोर्स को सात दिनों में स्पष्टीकरण माँगने के निर्देश दिए गए। वहीं, दो स्टोर्स के लाइसेंस निलंबन की सिफारिश कर दी गई। टीम ने सभी स्टोर्स को कैश मेमो अनिवार्य रूप से जारी करने, लेबल्ड एक्सपायरी बॉक्स बनाने, सभी ग्राहकों को बिल प्रदान करने, एक्सपायर्ड दवाओं का उचित निपटान व साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

