
12 भाजपा नेताओं की कांग्रेस में एंट्री की तैयारी में जुटा प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, प्रदेश प्रभारी के दौरे में हो सकती है जोइनिंग।
पिछले दिनों कांग्रेस में 6 नेताओं की जोइनिंग के बाद अब 12 और नेताओ की कांग्रेस में एंट्री को लेकर प्रदेश कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के दो बड़े नेताओ गणेश गोदियाल और यशपाल आर्य ने भी इन नेताओ की संख्या कन्फर्म कर दी है। कहा जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के पांच दिवसीय प्रदेश दौरे में इन नेताओ की जोइनिंग हो सकती है।
पहले दौर में दिल्ली में 6 बड़े नेताओं को कांग्रेस में सम्मिलित करवाया गया था और यह संदेश देने की कोशिश की गई कि पार्टी चुनाव से पहले अपनी स्थिति मजबूत कर रही है, लेकिन जिसके बाद हरीश रावत के राजनितिक अवकाश और बयानबाजी से मामला तनावपूर्ण हो गया था। लेकिन कांग्रेस इस बार किसी विवाद से बचते हुए ये काम करना चाहती है। अब जब मामला कुछ हद तक शांत हो गया है, तो कांग्रेस एक बार फिर अपनी राजनीतिक रणनीति को आगे बढ़ाने में जुट गई है।
गणेश गोदियाल ने अपने एक बयान में कहा है कि कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा रखने वाले नेताओं की कुल संख्या 18 थी, जिनमें से 6 नेता पहले ही सदस्यता ले चुके हैं. अब शेष 12 नेताओं की सूची तैयार कर हाईकमान को भेजी जा रही है. जैसे ही प्रदेश प्रभारी की सहमति मिल जाएगी, इन 12 नेताओं को भी जल्द ही कांग्रेस में शामिल कराया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया को लेकर पार्टी बेहद सतर्कता बरत रही है. ताकि, पिछली बार की तरह कोई विवाद या असहमति सामने न आए।
वही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी कहा है कि बीजेपी के कई बड़े नेता कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा रखते हैं और आने वाले समय में ऐसे कई नेता कांग्रेस में शामिल होते दिखाई देंगे, जो बीजेपी में मजबूत कद रखते हैं।
