
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने पर रानीखेत में कांग्रेस ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
रानीखेत, 4 मई। कांग्रेस कमेटी रानीखेत ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में भाजपा केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि ने छोटे दुकानदारों, होटल-ढाबा संचालकों व अन्य व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। महंगाई की मार से पहले ही जूझ रहे व्यापारियों के लिए व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया है, जिससे उनकी रोजी-रोटी खतरे में पड़ गई है।

कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार पर आम व्यापारियों व मध्यम वर्ग की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से व्यापारियों की लागत बढ़ रही है, जबकि आय घट रही है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि गैस के दाम न घटे तो कांग्रेस व्यापारियों संग बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “भाजपा सरकार ने गैस दाम कम नहीं किए तो महिला कांग्रेस सड़क से संसद तक सरकार की ईंट से ईंट हिला देगी।” नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कुलदीप कुमार, रमेश पंत, सोनू सिद्दीकी, प्रमोद पाल, दीप उपाध्याय, सुरेन्द्र पवार, प्रदीप रावत, महिपाल सिंह मेहरा, जीतन जयाल, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा के अलावा बड़ी संख्या में व्यापारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।
