
नैनीताल में बीएससी की छात्रा की फंदे पर लटकी मिली लाश, आधी रात को उठाया आत्मघाती कदम।
नैनीताल, 5 मई 2026: उत्तराखंड में संदिग्ध आत्महत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसी कड़ी में नैनीताल जिले के मल्लीताल स्टाफ हाउस क्षेत्र सात नंबर की रहने वाली 20 वर्षीय बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा सिमरन आर्या की संदिग्ध मौत हो गई। सोमवार देर रात करीब दो-ढाई बजे उसने फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

डीएसबी कैंटस छात्रा सिमरन अपनी मां, दो भाइयों और दादी के साथ रहती थी। पुलिस के अनुसार, रात में दादी के सोते ही सिमरन ने कमरे में ही चुन्नी से फंदा बनाकर खुद को लटका लिया। मंगलवार सुबह परिजनों ने शव देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं। परिजनों से पूछताछ जारी है। छात्रा का मोबाइल और अन्य सामान भी जांच के दायरे में हैं। सिमरन ने 10वीं-12वीं भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय से की थी, जहां 12वीं में वह स्कूल टॉपर रही। परिजनों का कहना है कि वह डिप्रेशन से जूझ रही थी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
