
दो माह से जिला अस्पताल में फिजिशियन नहीं, मरीजों की बढ़ी परेशानी, शासन को पत्र भेजकर दोनों रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग
अल्मोड़ा, 22 अगस्त। पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय में करीब दो माह से फिजिशियन चिकित्सक नहीं होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय कुमार पांडे ने इसे गंभीर जनहित का मुद्दा बताते हुए राज्यपाल, मुख्य सचिव और महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र भेजकर रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की है।

पांडे ने बताया कि जिला अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. हरीश आर्य के स्थानांतरण के बाद उनके स्थान पर अब तक किसी चिकित्सक की नियुक्ति नहीं की गई है। फिजिशियन के अभाव में गंभीर और जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों, बुजुर्गों तथा दूरदराज से आने वाले लोगों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए अन्य अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है। ऑपरेशन संबंधी सेवाएं भी प्रभावित होने से मरीजों को करीब छह किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने शासन स्तर पर मामला उठाया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पांडे ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में भी वर्तमान में केवल एक फिजिशियन प्रो. अशोक कुमार कार्यरत हैं, जिससे वहां मरीजों का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में जिला अस्पताल में फिजिशियन की व्यवस्था नहीं होना स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस गंभीर मामले पर सभी दलों को आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने शासन से नियमित नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत फिजिशियन की तत्काल तैनाती और प्रभावित चिकित्सा सेवाओं को सुचारु करने की मांग की है। चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता के साथ शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।
