
चौकुनी – दुगौड़ा रोड डामरीकरण नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी, 12 से अधिक गांवों को जोड़ती है रोड।
रानीखेत। चौकुनी-दुगौड़ा मोटर मार्ग की बदहाली को लेकर गगास घाटी क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश है। 12 से अधिक गांवों को जोड़ने वाली सड़क खराब होने से बरसात में आवागमन प्रभावित हो रहा है। सब्जी उत्पादकों को अपनी उपज रानीखेत बाजार तक पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2012-13 में सड़क कटान के बाद डामरीकरण कराया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही सड़क उखड़ गई। बनोलिया, मवाण, नांगुली, गुडोली, चमना, कोटली, पिनोली और दुगौड़ा समेत आसपास के ग्रामीणों ने सड़क का जल्द सुधारीकरण और डामरीकरण कराने की मांग की है। भुवन सिंह नेगी, ललित सिंह नेगी, धर्मेंद्र सिंह नेगी और राजेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।

निर्माण खंड रानीखेत के ईई आदित्य नाथ ने बताया कि मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।

