
गनियाद्योली-सिंगोली मार्ग पर खतरा, टूटे कॉजवे और सुरक्षा दीवारें, डीएम से कार्रवाई की मांग।
रानीखेत। गनियाद्योली–सिंगोली–दौलाधार–चलसिया पड़ौली मोटर मार्ग में भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता हेमन्त रौतेला ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पत्र भेजकर तत्काल मरम्मत और स्थायी पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने बताया कि मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन के साथ कॉजवे और सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों का आवागमन जोखिमपूर्ण बना हुआ है।

हेमन्त रौतेला ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जिला योजना समिति अल्मोड़ा की सदस्य शोभा रौतेला द्वारा 27 सितंबर 2024 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय रानीखेत की ओर से संयुक्त निरीक्षण भी किया गया था।

रौतेला के अनुसार, किलोमीटर आठ में भारी भूस्खलन हुआ है, जबकि काला पहाड़ तोक और चलसिया से पहले कॉजवे व सुरक्षा दीवारें भी टूट चुकी हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग से तत्काल स्थलीय निरीक्षण, तकनीकी सर्वेक्षण और आगणन तैयार कर बजट स्वीकृत कराने की मांग की है। साथ ही मार्ग सुरक्षित होने तक आवश्यक सुरक्षात्मक एवं वैकल्पिक व्यवस्था करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि आंदोलन को बाध्य होंगे।

