
नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हुए अपहरण काण्ड पर जांच संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर अदालत ने नाराजगी जताई , 27 अक्टूबर से पहले प्रगति रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया।
उत्तराखंड के नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान 14 अगस्त 2025 को हुई घटना में पांच कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्यों के कथित अपहरण का मामला सामने आया था। इस मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच हेतु कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चुनाव के दौरान मतदान स्थल से पांच सदस्यों के अपहरण का आरोप लगा, जिसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा समर्थकों पर आरोप लगाया था। हाईकोर्ट ने एसएसपी को अपहरणकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले में पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। चुनाव के दो माह बाद भी जांच में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर अदालत ने नाराजगी जताई है और सीआईडी से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मांगी है। हाईकोर्ट ने 27 अक्टूबर 2025 से पहले उक्त प्रगति रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है।

मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है, लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं आई है। याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि जांच उच्च स्तरीय एजेंसी को दी जाए क्योंकि सीआईडी की जांच से संतोष नहीं हुआ है।अदालत ने कहा है कि स्वतंत्र जांच हो और सरकार अब तक की कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा कोर्ट को प्रस्तुत करे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले ही कहा था कि मामले की जांच CBI-CID द्वारा की जाएगी।

