
रानीखेत के इस गांव में तेंदुवे ने दिन दहाड़े गौशाला में घुसकर गाय पर किया हमला, ग्रामीणों की सतर्कता से बची गाय की जान, इलाके में अब तक 15 गायों को बना चुका है अपना शिकार।
रानीखेत तिपौला रोड पर खिरखेत से 4 किलोमीटर आगे ग्राम सभा फल्द्वाड़ी के नैला गाँव में एक बार फिर तेंदुए के हमले की घटना सामने आई है। दिन में 3 बजे तेंदुआ ग्रामीण देवकीनंदन चौधरी की गौशाला में घुस गया और उनकी गाय पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, तेंदुए ने स्वामी सहित दो अन्य लोगों पर भी झपटनें की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ी घटना होने से बच गई। इस घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई है।

ग्राम प्रधान सोनू आर्या ने बताया कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की आवाजाही और हमलों को देखते हुए कई बार विभाग से पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने का निवेदन किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले 1 साल में लगभग 15 गायों को तेंदुवा अपना शिकार बना चूका है, अब तेंदुआ पशुओं के साथ-साथ ग्रामीणों पर भी हमला करने की कोशिश कर रहा है, जिससे पूरे गाँव में भय और चिंता का माहौल है। उन्होंने विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
