
मुख्यमंत्री धामी से वीडियो कॉल से वार्ता के बाद 2 महीने से चौखुटिया में चल रहा ऑपरेशन स्वास्थ्य हुआ स्थगित। टोकन मनी 20 दिन के भीतर जारी करने का आश्वासन।
चौखुटिया में चिकित्सालय में ऑपरेशन स्वास्थ्य आंदोलन लगभग 2 महीने बाद आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वीडियो वार्ता के उपरांत 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों के समक्ष सभी प्रमुख बिंदुओं पर सकारात्मक व ठोस आश्वासन दिए, जिसके फलस्वरूप आंदोलनकारियों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उपजिला चिकित्सालय हेतु आवश्यक टोकन मनी 20 दिन के भीतर जारी कर दी जाएगी, जिससे अस्पताल से संबंधित सभी प्रक्रियाएँ तीव्र गति से आगे बढ़ सकेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई प्रगति पर है तथा 03 दिसंबर को साक्षात्कार प्रस्तावित हैं । इसके तहत प्राथमिकता के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी ।
इस बीच, क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से टेलीमेडिसिन सेवा प्रारम्भ हो चुकी है, जिससे मरीजों को तत्काल परामर्श का लाभ मिल रहा है। अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन, ईसीजी आदि की सुविधा सहित अन्य आवश्यक सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं। साथ ही, विशेषज्ञ डॉक्टर क्रमवार रूप से सेवाएँ दे रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। वीडियो वार्ता के दौरान आंदोलनकारियों के प्रतिनिधि भुवन कठायत, अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार राज एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
