
विश्व विख्यात कैंची धाम पहुंचे प्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा ने नीम करौली बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया।
नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में सुप्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा ने नीम करौली बाबा के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि धाम तक पहुंचने में उन्हें कोई यातायात या असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उत्तराखंड सरकार की व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विशाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए राज्य में उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की भी तारीफ की और बताया कि यहां के पुलिसकर्मी बेहद अनुशासित, सहायक और संवेदनशील हैं, जो देश-विदेश से आने वाले भक्तों व पर्यटकों को सुरक्षित व सुखद अनुभव प्रदान करते हैं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाने के लिए विशाल ने अपने हिट गीत “संदेशे आते हैं…” की कुछ पंक्तियां गाईं, जिससे पूरा वातावरण भावुक और उत्साही हो गया।
अंत में, गायक विशाल मिश्रा ने सभी से अपील की कि वे कैंची धाम जरूर आएं, बाबा के दर्शन करें। उन्होंने नैनीताल की प्राकृतिक छटा, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की खूब तारीफ की, जो हर व्यक्ति को बार-बार लौटने के लिए प्रेरित करती है।
