
रानीखेत के दिनेश उपाध्याय की हत्या मामले में दो और आरोपी हुए गिरफ्तार, हत्या कर शव खाई में फेंका था।
नैनीताल, 12 मई 2026: थाना तल्लीताल पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक युवक की हत्या का पर्दाफाश किया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने हत्या के दो अन्य नामजद आरोपी रोहित सिंह बिष्ट (पुत्र स्व. आनंद सिंह बिष्ट) और रोहित सिंह बिष्ट (पुत्र स्व. ललित सिंह बिष्ट), दोनों सौड़ मल्लीताल निवासी, को 10 मई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

घटना 22 अप्रैल को तब शुरू हुई जब शौर्य रिसोर्ट भुजियाघाट के कर्मचारी दिनेश चन्द्र उपाध्याय (33 वर्ष), रानीखेत के दुभना देवलीखेत निवासी, एक दिन की छुट्टी लेकर लापता हो गए। रिसोर्ट के जीएम भावेश पाण्डे की तहरीर पर 23 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज हुई। जांच में मामला संदिग्ध लगा तो गहन छानबीन शुरू की गई।
27 अप्रैल को दिनेश के भाई बाला दत्त उपाध्याय की शिकायत पर तीनों आरोपी—कमल सिंह बिष्ट (23 वर्ष, सौड़ मल्लीताल), रोहित सिंह बिष्ट और रोहित सिंह बिष्ट—के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज हुआ। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने कमल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। साक्ष्यों के आधार पर बाकी दोनों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दिनेश की हत्या कर शव खाई में फेंक दिया था।
