
कपकोट के होटल में मिली विस्फोटक सामग्री, 104 जिलेटिन छड़ों के साथ होटल मालिक गिरफ्तार।
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में हाल ही में एक होटल से 104 जिलेटिन छड़ों का जखीरा बरामद हुआ है। पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कपकोट के मुख्य तिराहे पर स्थित एक होटल की तलाशी ली गई जहां से संदिग्ध विस्फोटक की 104 बेलनाकार छड़ें बरामद हुईं। इन पर राज जैल 90 राजस्थान एक्सप्लोसिव केमिकल्स लिमिटेड अंकित था। मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान लीती गांव निवासी पान सिंह उम्र 52 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान वह बारूद गोदाम की देखरेख करता था। काम पूरा होने के बाद बची हुई विस्फोटक सामग्री उसने अपने पास ही रख ली थी।
जिलेटिन छडे बरामद होने के बाद पुलिस ने ऊधम सिंह नगर से बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग बुलाकर होटल व आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5 और बीएनएस की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद सामग्री को सुरक्षा कारणों से विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट किया जाएगा।
