
भिकियासैण चमड़खान रोड पर वाहन खाई में गिरा, 3 की मौत, विधायक ने राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
रानीखेत के चमड़खान क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां भिकियासैंण चमडखान रोड पर रापड़ के पास जागर से घर लौट रहे तीन लोगों का वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल ने मोर्चरी रानीखेत पहुंच कर परिजनों को ढांढस बंधाया।

स्थानीय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को सड़क किनारे देखा तो पता चला खाई में वाहन गिरा है। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने खाई में उतरकर तीनों शवों को बाहर निकाला. इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया। दुर्घटना में मृत लोगों के नाम कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम, निवासी साइनरी ड्योडाखाल, भुवन चंद्र पुत्र दीवानी राम निवासी सैनरी, आनंद राम निवासी रिची है।

मोर्चरी पहुंचे विधायक नैनवाल :-
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल नागरिक चिकित्सालय, रानीखेत पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से भेंट की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और राहत राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराने हेतु शासन एवं उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि राहत कार्यों और अन्य औपचारिकताओं में परिजनों को कोई असुविधा न हो।

पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार हुए लोग पेशे से जागर लगाने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार की पूरी रात ग्राम चमोली पुसौला में जागर लगाने के बाद ये तीनों अपने घर की ओर वापस लौट रहे थे। अनुमान लगाया जा रहा है की ये जागर से लौटने पर सुबह के समय ये हादसा हुआ होगा।

