
रानीखेत में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री बी सी खंडूरी को भी गयी श्रद्धांजलि।
रानीखेत, 21 मई — भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर रानीखेत कांग्रेस कमेटी द्वारा आज राजीव गांधी पार्क में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा के आरंभ में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

वक्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी को आधुनिक भारत का दूरदर्शी शासक बताया और कहा कि उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वक्ताओं ने उनके युवाओं पर विश्वास, तकनीकी क्रांति को बढ़ावा देने, पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त करने तथा देश को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को आज भी प्रेरणास्रोत करार दिया।

अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा गया कि राजीव गांधी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि युवाओं की आशा, किसानों की आवाज और राष्ट्र के भविष्य के प्रतीक थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को हमेशा सर्वोपरि रखा। उनकी सादगी, सौम्य आचरण और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण सदैव याद रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों व आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि राजीव गांधी का योगदान भारतीय राजनीति और आधुनिक भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, अगस्त लाल साह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, प्रमोद पाल, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, हेमंत बिष्ट, पंकज गुरुरानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, रुद्र माहरा, नवीन चंद्र नैनवाल, सुरेंद्र पवार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
