
नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं युवा, ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ पर व्याख्यान आयोजित हुआ।
रानीखेत, 4 सितंबर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सेना के दीवान सिंह हॉल में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय रानीखेत के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया।

मुख्य वक्ता अधिवक्ता ललित जोशी ने विद्यार्थियों को नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम में संवादात्मक सत्र भी हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्ति से जुड़े सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ने उनके प्रश्नों का समाधान किया। सक्रिय सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कर्नल जीएस नेगी, लेफ्टिनेंट कर्नल शशांक सिंह और आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी मौजूद रहे। प्रधानाचार्य ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और परिवार व समाज को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

