
अल्मोड़ा में बिना हेलमेट दोपहिया वाहनों को चालान की जगह मिले निःशुल्क हेलमेट, जिलाधिकारी और एसएसपी अल्मोड़ा ने चलाया अनूठा अभियान।
दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट के लिए जागरूकता लाने के उद्देश्य से आज अल्मोड़ा में जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क हेलमेट वितरित किये गए। यह जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा द्वारा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के प्रयासों का हिस्सा है।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा हेलमेट पहनकर ही सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई । अल्मोड़ा पुलिस द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के अभियानों को चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता बढ़ाना और हेलमेट पहनने को प्रोत्साहित करना है।

इसके साथ ही डीएम और एसएसपी द्वारा निर्माणाधीन केमू स्टेशन का जायजा लिया गया। साथ ही शहर की नई बनी पार्किंग स्थलों भी निरीक्षण कर संबंधितों को इसके आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। दोनों अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान एसडीएम सदर संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय, निरीक्षक एलआईयू मनोज भारद्वाज, प्रभारी यातायात निरीक्षक दरबान सिंह मेहता, इंटरसेप्टर प्रभारी सुमित पाण्डे सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी कर्मचारी गण मौजूद रहे।

