
हल्द्वानी में नवजात गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने पर देर रात हुआ हंगामा, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग, कई लोग हिरासत में लिए गए, अवशेष जांच के लिए भेजा।
बीती रात 16 नवंबर को हल्द्वानी में उस समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया जब बरेली रोड के निकट स्थित उजाला नगर में एक नवजात गौवंश पशु का सर मिलने की खबर शहर में फ़ैल गई। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर जहाँ हिंदूवादी संगठन पहुंच गए और नारे बाजी करने लगे वही मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया।

घटनास्थल के आस पास लगे CCTV फुटेज खंगालने पर पुलिस को जानकारी मिली कि एक आवारा कुत्ता जंगल की ओर से यह अवशेष उठाकर लाता नजर आया। तात्कालिक जांच में भी यह तथ्य सामने आया कि यह हिस्सा जंगल क्षेत्र में किसी पशु के ब्याने का अवशेष था। पुलिस द्वारा यह जानकारी प्रदर्शन कर रहे लोगों को दी गई लेकिन इसके बावजूद कुछ शरारती तत्वों ने भीड़ जुटाकर घटास्थल के आसपास हंगामा किया और एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और और एक ऑटो चालक के साथ मारपीट भी गयी।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया साथ ही कुछ युवको को हिरासत में भी लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में आस पास के थानों से पुलिस बल तैनात किया गया। लगभग चार घंटे तक चले हंगामे के बाद मामला शांत हो गया लेकिन सुरक्षा के दृष्टिगत इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया। इसके साथ ही अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बरामद अवशेष को पुलिस ने कब्जे में लेकर परीक्षण हेतु भेज दिया है।
VIDEO


