
रानीखेत वासियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से लगाई तेंदुओं से निजात दिलाने की गुहार, शाम होते ही नगर में घूम रहे तेंदुवे।
पिछले कुछ महीनों से तेंदुवे की दहशत में जीने वाले रानीखेत वासियों ने आज संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंच कर प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर नगर में घूम रहे तेंदुओं से निजात दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि रानीखेत नगर क्षेत्र के मेन मार्केट, बद्रीव्यु, जरूरी बाजार, सुदामापुरी, राजपुर, सरना गार्डन, केमू स्टेसन, सेवासदन, स्प्रींग फिल्ड आदि में पिछले कुछ समय से प्रतिदिन शाम के समय तेंदुओं के दिखाई देने से नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। यह कोई एक-दो दिन की घटना नहीं है, बल्कि नियमित रूप से हो रही स्थिति है।

ज्ञापन में कहा गया है कि अब तक न तो पिंजरा लगाया गया है और न ही प्रभावी गश्त अथवा ठोस कार्रवाई स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। आमजन में यह आशंका व्याप्त है कि कहीं प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना की प्रतीक्षा तो नहीं कर रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पिंजरा लगाया जाए और वन विभाग द्वारा नियमित एवं सघन गश्त सुनिश्चित की जाए और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। ज्ञापन देने वालों में नेहा साह माहरा, कुलदीप कुमार, विनीत चौरसिया, सोनू सिद्दीकी, अभिषेक काण्डपाल, हर्षित रौतेला, पारस खत्री, गौरव तिवारी, प्रियांशु चंद्र, पंकज गुरुरानी, प्रदीप रावत, अनिल कुमार, मीना देवी, कैलाश चंद्र, नीता बिष्ट, गीता देवी आदि थे।
