
रानीखेत में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के नवप्रवेशी छात्रों का दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन हुआ
रानीखेत, 17 अप्रैल 2026: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के क्षेत्रीय केंद्र रानीखेत के अध्ययन केंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवप्रवेशी छात्रों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की प्रवेश, परीक्षा, काउंसलिंग और अध्ययन सामग्री संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन सह-समन्वयक डॉ. पंकज प्रियदर्शी ने किया। मुख्य वक्ता क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जे.एस. रावत ने छात्रों को प्रवेश, परीक्षा, असाइनमेंट और काउंसलिंग प्रक्रियाओं पर प्रकाश डालते हुए नियमित सहभागिता और संसाधनों के उपयोग की प्रेरणा दी। सहायक क्षेत्रीय निदेशक रूचि आर्या ने पाठ्यक्रम, अध्ययन प्रणाली और ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी साझा की तथा छात्रों के सवालों का समाधान किया। कार्यालय सहायक उमा शंकर नेगी ने भी सहयोग प्रदान किया।

पीपीटी के माध्यम से विश्वविद्यालय की वेबसाइट, स्टूडेंट वन व्यू, रिजल्ट चेकिंग और पुस्तक प्रेषण प्रक्रिया को प्रायोगिक रूप से सिखाया गया। विशेष रूप से ओपन यूनिवर्सिटी के प्रथम सेमेस्टर बीए व एमए छात्रों ने सक्रिय भागीदारी की। काउंसलिंग सत्रों की अनिवार्यता, एबीसी आईडी, डेब आईडी निर्माण तथा क्षेत्रीय केंद्र के यूट्यूब चैनल का उपयोग बताया गया।
छात्रों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में फीडबैक फॉर्म भरवाए गए, जिसमें इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए सकारात्मक सुझाव मिले। इस आयोजन ने छात्रों को शैक्षणिक प्रक्रियाओं का मजबूत आधार प्रदान किया, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बनाने में सहायता मिलेगी।
