
मजखाली में मनाया गया वन महोत्सव, पूर्व महिला आयोग उपाध्यक्ष ज्योति साह रही मुख्य अतिथि।
रानीखेत (06 जुलाई 2026): रानीखेत वन क्षेत्र के मजखाली अनुभाग के द्वारसों प्रथम बीट में आज वन महोत्सव सप्ताह–2026 के तहत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना बताया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय और राष्ट्रीय प्रजाति के पौधों की रोपाई की गई। बांज, उतीस, देवदार, काफल और मेहल सहित विविध स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वन अधिकारियों ने बताया कि इन प्रजातियों का चयन स्थानीय पारितंत्र और जलवायु के अनुरूप किया गया है ताकि पौधे शीघ्र विकसित हों और दीर्घकालीन लाभ प्रदान कर सकें।

इस अवसर पर पूर्व महिला आयोग उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति साह , सरपंच वन पंचायत कारखेत पूरन सिंह, प्राथमिक विद्यालय मनबजूना के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर उत्साह के साथ वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सहयोग तथा संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में हेमा (अनुभाग अधिकारी, मजखाली), जया भट्ट (वन बीट अधिकारी), मनीष पाण्डेय (वन बीट अधिकारी) और अमर सिंह (प्रारम्भिक वन बीट अधिकारी) शामिल रहे।


