
अल्मोड़ा महोत्सव में ऊंटों की सवारी करवाने पर दर्ज हुआ मुक़दमा, ऊंटों को भेजा गया जयपुर।
अल्मोड़ा, 29 जून: कोतवाली पुलिस ने कुमाऊँ महोत्सव में बिना पंजीकरण के ऊंटों का व्यावसायिक उपयोग करने के आरोप में संचालक शाहिद अंसारी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पशु सुरक्षा सेवा समिति (खोल्टा) की सचिव कामिनी कश्यप ने महोत्सव स्थल जीआईसी मैदान में औचक निरीक्षण के दौरान पाया कि एक ऊंट का व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था, जबकि उसके पास आवश्यक पंजीकरण नहीं था।

जानकारी के अनुसार, रामनगर के ढिकुली निवासी शाहिद अंसारी 22 जून को अपने दो ऊंट — राजू और मोती (उम्र लगभग 9 वर्ष) — लेकर महोत्सव में आया और वहां लोगों को ऊँट की सवारी कराकर शुल्क वसूल रहा था। समिति के सदस्य जब मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुँचे तो उन्होंने संचालक को पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंटों के व्यावसायिक उपयोग पर पाबंदी और पंजीकरण की अनिवार्यता से अवगत कराया। समिति के हस्तक्षेप पर शाहिद ने 23 जून को ऊंट वापस ले जाने का आश्वासन दिया था, फिर भी वह 27 जून तक महोत्सव में ऊंटों का व्यावसायिक उपयोग करता रहा।
नियमों की अवहेलना और पशु क्रूरता के आरोपों के मद्देनज़र पशु सुरक्षा सेवा समिति ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने रविवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस चौकी की मौजूदगी में दोनों ऊंटों को सुरक्षित रूप से जयपुर रवाना कर दिया। कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
