
रानीखेत में संपन्न हुआ उत्तराखंड का पहला 48 घंटे ट्रेल्स-प्लस अल्ट्रा रन ‘द ट्रांस लूप्स’ मैराथन, रानीखेत के नरेश डोबरियाल ने 12 घंटे में लगाए 255 चक्कर।
रानीखेत, 13 जुलाई (समाचार): रानीखेत के नरसिंह स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड के पहले 48 घंटे ट्रेल्स-प्लस अल्ट्रा रन “द ट्रांस लूप्स” का दो दिवसीय कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देशभर से आए धावकों ने 6, 12, 24 और 48 घंटे की भिन्न-भिन्न श्रेणियों में endurance और साहस का बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया।

48 घंटे वर्ग में हरियाणा के गुलाब सिंह ने 727 चक्कर लेकर प्रथम स्थान हासिल किया जबकि महाराष्ट्र के भूपेंद्र सिंह राजपूत 650 चक्कर लगाकर द्वितीय रहे। 12 घंटे वर्ग में रानीखेत के योग गुरु नरेश डोबरियाल ने 255 लगाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 6 घंटे वर्ग में बागेश्वर की सुनीता पंत 116 चक्कर लगाकर विजयी रहीं। अन्य सभी श्रेणियों के विजेताओं को भी ट्रॉफी, पदक एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक एवं श्रीमती मनीषा महादिक ने विजेताओं को सम्मानित किया। आयोजकों ने प्रतियोगियों की हौसला-अफज़ाई की और आयोजन की प्रशंसा की। आयोजक रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के अध्यक्ष सुमित गोयल ने कहा कि यह आयोजन राज्य के खेल इतिहास में मील का पत्थर है और रानीखेत को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के मानचित्र पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि रानीखेत की प्राकृतिक सुंदरता, ऊँचाई, अनुकूल जलवायु एवं चुनौतीपूर्ण ट्रेल्स इसे विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के अनुकूल बनाते हैं। भविष्य में इस आयोजन को और बड़ा व अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया जाएगा।

सुमित गोयल ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला प्रशासन, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों, तकनीकी टीम और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का विशेष आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के सचिव देवांशु साह गंगोला, उपाध्यक्ष विवेक पांडेय, जीवन कुवार्बी, श्याम फर्त्याल, गोविंद सिंह बिष्ट, गौरव पांडेय, बॉबी नवाब, अशोक मेहरोत्रा, विनोद खुल्वे, पंकज सती, सोनू सिद्दीकी तथा फोटोग्राफी टीम के एंजिला नवाब, अमोग बिष्ट, भार्गव जोशी, गर्वित पांडेय सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

