
नंदा देवी मंदिर परिसर रानीखेत में चला स्वच्छता अभियान, लोगों ने किया श्रमदान
रानीखेत। माँ नन्दा सुनंदा सेवा समिति एवं स्थानीय नागरिकों ने रविवार को ‘स्वच्छता ही सेवा, सेवा ही भक्ति’ संकल्प के तहत श्री नन्दा देवी मंदिर परिसर और आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। समिति सदस्यों व नागरिकों ने श्रमदान कर झाड़ियों और जंगली घास की सफाई, मैदान का समतलीकरण तथा मंदिर परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। इस दौरान मंदिर परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।

समिति ने मंदिर परिसर के आसपास रहने वाले परिवारों से गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। लोगों से घरों से निकलने वाले कूड़े को एकत्र कर छावनी परिषद की ओर से निर्धारित स्थानों पर डालने अथवा नियुक्त पर्यावरण मित्र को सौंपने का आग्रह किया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता किसी एक संस्था या व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ धार्मिक स्थल सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक हैं।

समिति ने बताया कि स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान अगले रविवार को भी सुबह सात बजे से जारी रहेगा। समिति ने स्थानीय नागरिकों से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की। अभियान में संरक्षक हरीश लाल साह, मुकेश लाल साह, अध्यक्ष गौरव भट्ट, वरिष्ठ सदस्य मोहिल साह, अंशुल साह, पंकज साह, सौरभ अग्रवाल, मनीष साह, गौरव तिवारी, कमल साह, नवल साह, विनोद कांडपाल, त्रिशू अग्रवाल, तरुण बुदलाकोटी, कौशल साह समेत कई नागरिक और समिति सदस्य मौजूद रहे।

