
रानीखेत में दो स्थानों पर बनेंगी मल्टीलेवल पार्किंग, जाम से मिलेगी निजात। 213 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा मिलेगी।
रानीखेत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर रानीखेत में यातायात जाम कम करने के उद्देश्य से प्रस्तावित दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की तकनीकी और वित्तीय समीक्षा राज्य सचिवालय में कर दी गई है। आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र और रोडवेज स्टेशन के पास प्रस्तावित पार्किंग योजनाओं पर विस्तृत मंथन किया गया।

गैस गोदाम-आशियाना पार्क के समीप प्रस्तावित चार मंजिला पार्किंग का प्रारंभिक अनुमान 9.35 करोड़ रुपये (935.48 लाख) था, जिसे तकनीकी संपरीक्षा प्रकोष्ठ ने 8.61 करोड़ रुपये (861.73 लाख) की यथार्थ लागत माना है। इस परियोजना में लगभग 59 वाहन ठहरने की व्यवस्था के साथ महिला एवं पुरुष शौचालय भी बनाए जाएंगे। क्षेत्र में पार्किंग की कमी के कारण मुख्य मार्ग पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है, ऐसे में इस परियोजना से राहत मिलने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, रोडवेज स्टेशन के निकट प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग का प्रारंभिक अनुमान 4.99 करोड़ रुपये (499.92 लाख) था, जिसे तकनीकी समिति ने 4.80 करोड़ रुपये (480.23 लाख) की लागत उपयुक्त माना है। इस पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया वाहनों सहित कुल 154 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। परियोजना के लिए छावनी परिषद, रानीखेत की अनापत्ति भी प्राप्त हो चुकी है। निर्माण पूर्ण होने पर इसका संचालन जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, अल्मोड़ा करेगा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, दोपहिया व चारपहिया वाहन अनुपात, संभावित राजस्व, राजस्व साझेदारी मॉडल तथा प्रस्तावित स्थलों की उपयोगिता का विस्तृत परीक्षण किया जाए। साथ ही सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संशोधित डीपीआर शीघ्र शासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
