
जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए रची 8 लाख की डकैती, हल्द्वानी में हुई लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 31 हजार की नकदी और चार जिंदा कारतूस बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में हुई करीब आठ लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 31 हजार रुपये की नकदी और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जुए में हारी लाखों रुपये की रकम की भरपाई के लिए डकैती की साजिश रची गई थी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों की दबिश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव स्थित किआ शोरूम के पीछे एक कार्यालय/गैराज में करीब 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों को हथियारों के बल पर धमकाकर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूट ली थीं।
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर करीब 50 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई। एसओजी, साइबर सेल, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस के जरिए संदिग्धों तक पहुंची।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले घटनास्थल की रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, किच्छा निवासी यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार गया था। रकम की भरपाई के लिए गोरापड़ाव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी जुटाकर डकैती की योजना बनाई गई। लूट की रकम से जुए में हारी रकम चुकाने और बाकी धन को आपस में बांटने की योजना थी।
पुलिस ने सितारगंज निवासी वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और बरेली के शीशगढ़ निवासी रखवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। वंशप्रीत के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। रखवीर के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। एसएसपी ने पुलिस टीम की कार्रवाई पर उत्साहवर्धन करते हुए टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
